अंचल स्तर पर ही हो जनसमस्याओं का समाधान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: उपायुक्त संदीप कुमार मीना

लोहरदगा में उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने राजस्व से संबंधित समीक्षा बैठक कर सभी अंचल अधिकारियों को जनसमस्याओं का समाधान अंचल स्तर पर ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में विभिन्न विभागों के राजस्व लक्ष्य और उपलब्धि की समीक्षा की गई। मत्स्य विभाग को नंदिनी डैम में मत्स्य पालन की प्रगति बढ़ाने और बंद पड़ी खदानों में मत्स्य पालन की संभावनाओं पर योजना बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में सभी तालाबों की बंदोबस्ती सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने म्युटेशन के लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना कारण मामलों को लंबित रखने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, जाति, आय और आवासीय प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने तथा आम लोगों की शिकायतों के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।

सक्सेशन म्युटेशन के लिए शिविर आयोजित करने, ऑनलाइन नामांतरण, भूमि सीमांकन और दाखिल-खारिज मामलों में तेजी लाने को कहा गया। ई-रेवेन्यू कोर्ट में लंबित मामलों के निष्पादन और नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

आपदा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने डूबने, आगजनी, सड़क दुर्घटना और सर्पदंश से मृत्यु जैसे मामलों का त्वरित निष्पादन करने को कहा। परिवहन विभाग को दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहने और अपने-अपने क्षेत्रों की पूरी जानकारी रखने की हिदायत दी, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।

बैठक में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top