रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में केन्द्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रांची में प्रस्तावित सांसद सांस्कृतिक महोत्सव की रूपरेखा से उन्हें अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान संजय सेठ ने बताया कि यह महोत्सव रांची की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, कला, संगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर संजय सेठ ने केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण भी दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय का मार्गदर्शन और सहयोग इस आयोजन को और अधिक भव्य एवं सफल बनाने में सहायक होगा।
केन्द्रीय संस्कृति मंत्री ने भी प्रस्तावित महोत्सव को लेकर रुचि दिखाई और इसे सांस्कृतिक संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में लोक कलाकारों, युवा प्रतिभाओं, सांस्कृतिक संस्थाओं और विभिन्न पारंपरिक कला विधाओं को मंच उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जल्द ही तेज होने की संभावना है।
