पलामू। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर बाजार में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शनिवार को छापेमारी कर देशी कट्टा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान सोनार मुहल्ला निवासी विशाल कुमार सोनी (25) और अभिषेक कुमार (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, दो मोबाइल और एक स्प्लेंडर प्लस बाइक जब्त की है। दोनों आरोपितों को शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी कपिल चौधरी के अनुसार 13 नवंबर को सूचना मिली थी कि चैनपुर बाजार में कुछ युवक आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर पु.अ.नि. राम कुमार उपाध्याय सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि मारपीट करने वाले युवकों के पास हथियार भी हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी दल गठित कर उनकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस बल को देखकर बाइक सवार दो युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। भागने का कारण पूछने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी के दौरान विशाल कुमार सोनी की कमर से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। वहीं, दोनों युवकों के पास से एक-एक मोबाइल फोन मिला। उनकी बाइक भी जब्त कर ली गई। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर थाना ले आई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

