चतरा। चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के जरिए सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में एक महिला ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपनी ही नाबालिग भतीजी की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित मौसी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने बताया कि 11 नवंबर को चन्द्रि गोविंदपुर पंचायत के चट्टी अनंतपुर गांव निवासी सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट प्रतापपुर थाना में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। जांच के दौरान 13 नवंबर को बच्ची का शव घर से करीब 150 मीटर पश्चिम दिशा में स्थित झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर 48 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर लिया।
एसपी के अनुसार, जांच में सामने आया कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। कथित तौर पर तंत्र-मंत्र के जरिए सिद्धि प्राप्त करने के उद्देश्य से उसने अमावस्या की रात अपने भसुर बिन्दु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या कर दी। मृतका के माता-पिता और आरोपितों के बीच पहले से आपसी विवाद भी चल रहा था।
पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य आरोपित के घर से खून लगा हसुवा, करणी, लोहे की छेनी, लाल रंग की टूटी चूड़ी और बाली, खून लगा पलाश का पत्ता, घास तथा बच्ची के कपड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा तंत्र-मंत्र में कथित तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी भी जब्त की गई है।
एसआईटी में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

