कांग्रेस मुख्यालय में मनाई गई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को रांची स्थित कांग्रेस मुख्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि देश की स्वतंत्रता में पंडित जवाहरलाल नेहरू का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने भारत को अंग्रेजों से आजाद कराने के लिए कई आंदोलनों में हिस्सा लिया और अपने जीवन के करीब तीन हजार दिन जेल में बिताए। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। संविधान निर्माण में उनकी अहम भूमिका रही और उन्होंने योजना आयोग की स्थापना की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंडित नेहरू ने आधुनिक भारत की तकनीकी और वैज्ञानिक नींव रखी। उन्होंने एम्स और आईआईटी जैसे संस्थानों की स्थापना की, जिससे कि देश के विद्यार्थी अपने ही देश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू को बच्चों से विशेष प्रेम था। बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और बेहतर परवरिश के प्रति उनके योगदान के सम्मान में उनकी जयंती 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। नेहरू न केवल देश के प्रधानमंत्री थे, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

इस अवसर पर श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव, कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सूर्यकांत शुक्ला, अख्तर अली, डॉ. राजीव नारायण प्रसाद सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top