छठ महापर्व पर पलामू में ट्रैफिक प्लान जारी, छह स्थानों पर रोके जाएंगे मालवाहक वाहन

पलामू। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, विधि-व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पलामू पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत 15 और 16 नवंबर को बड़े और छोटे मालवाहक वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जाएगा। डालटनगंज शहर के बाहर छह स्थानों पर बैरिकेडिंग कर मालवाहक वाहनों को अस्थायी रूप से रोकने और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने शनिवार को बताया कि 15 नवंबर को दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक और 16 नवंबर को सुबह दो बजे से रात नौ बजे तक मालवाहक वाहनों के लिए शहर के बाहर बैरिकेडिंग व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

उन्होंने बताया कि गढ़वा की ओर से आने वाले मालवाहक वाहनों को चैनपुर थाना क्षेत्र के मंगरदाहा घाटी स्थित गिरिनाथ सिंह पेट्रोल पंप के पास रोका जाएगा। रामगढ़ और भंडरिया की ओर से आने वाले वाहन चैनपुर थाना क्षेत्र के नेउरा चौक के पास अस्थायी रूप से खड़े होंगे। पड़वा मोड़ की ओर से आने वाले वाहनों को पाटन मोड़ के पास रोका जाएगा, जबकि पाटन की ओर से आने वाले मालवाहक वाहन सदर थाना क्षेत्र के जोड़ फोरलेन चेक पोस्ट पर खड़े होंगे।

इसी तरह, लेस्लीगंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पोखराहा फोरलेन चेक पोस्ट और रांची की ओर से आने वाले वाहनों के लिए चियांकी फोरलेन चेक पोस्ट पर व्यवस्था की गई है। संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। कोयल नदी छठ घाट आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन शिवाजी मैदान और सदीक चौक के पास कोयल नदी पुल के समीप स्थित टेंपो स्टैंड में पार्क कर सकेंगे।

अमानत नदी सिंगरा छठ घाट आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग अमानत नदी के बाएं किनारे की जाएगी। इसके अलावा सिंगरा मोड़ से पाटन मोड़ की ओर जाने वाली फोरलेन सड़क के दाहिने हिस्से को भी पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया है। सिंगरा मोड़ से पाटन मोड़ जाने वाले वाहनों के आवागमन के लिए फोरलेन सड़क के बाएं हिस्से का इस्तेमाल किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

इधर, एसपी के निर्देश पर पूजा के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को और दुरुस्त किया गया है। ट्रैफिक प्रभारी रूद्रानंद सरस के नेतृत्व में अमानत और कोयल नदी जाने वाले रास्तों पर सुचारु यातायात की व्यवस्था की गई है। इन मार्गों पर बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top