विधवा भाभी को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाला आरोपित देवर गिरफ्तार

रामगढ़। रामगढ़ जिले में एक विधवा महिला ने अपने देवर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद शादी से मुकरने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपित निकेश बेदिया को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता मालती देवी (बदला हुआ नाम) ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी। वर्ष 2022 में उसके पति का निधन हो गया। इसके बाद वह ससुराल में ही रहने लगी। इसी दौरान उसके देवर ने उससे शादी करने का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाए। इस वजह से वह गर्भवती हो गई।

पीड़िता के अनुसार, गांव के लोगों को जब इस बात की जानकारी मिली तो पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने उसके देवर को उससे शादी करने का फैसला सुनाया। हालांकि, आरोप है कि आरोपित निकेश ने न तो उससे किया गया वादा निभाया और न ही पंचायत के फैसले को स्वीकार किया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

महिला थाना प्रभारी रेणुका कुमारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में पेश किया। हालांकि, दस्तावेजों में कमी के कारण सीजेएम अदालत ने उसे पुलिस को वापस लौटा दिया। अदालत ने पुलिस को 24 घंटे के भीतर दस्तावेज दुरुस्त कर आरोपित को दोबारा पेश करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top