एटीएम में डालने जा रहे 21.40 लाख रुपये लूटे, बाइक सवार दो अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

बोकारो। बोकारो में अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए हीटाची कंपनी के एक कर्मी से 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए। घटना माराफारी थाना क्षेत्र के बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास की है। पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने कर्मी को रोककर गाली-गलौज और हाथापाई की, फिर रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, हीटाची कंपनी के कर्मी विजय कुमार नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21.40 लाख रुपये लेकर कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में राशि जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई करते हुए रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण निकाली गई थी अधिक राशि

पीड़ित कर्मी विजय कुमार ने बताया कि दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण इस बार अधिक राशि निकाली गई थी, जिसे दोनों एटीएम में जमा करना था। आमतौर पर वह कम रकम लेकर जाते हैं, लेकिन इस बार राशि अधिक थी। इसी दौरान अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दे दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही, निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किए बिना इतनी बड़ी रकम ले जाए जाने के मामले की भी पड़ताल की जाएगी। पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top