उत्तरी भारत में बर्फबारी से आ रही ठंडी हवाओं ने बढ़ाई कनकनी
रांची। झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को 7.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ लातेहार राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में सबसे अधिक 28.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 29 नवंबर को राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में सुबह हल्का कुहासा छाया रहेगा। इसके बाद आसमान साफ हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले चार-पांच दिनों में राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। इससे ठंड और कनकनी बढ़ गई है। मौसम में इस बदलाव की वजह देश के उत्तरी हिस्सों में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही ठंडी हवाओं को माना जा रहा है। इन हवाओं का असर पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में भी महसूस किया जा रहा है।
इधर, शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्का कुहासा छाया रहा। बाद में आसमान साफ होने के साथ धूप खिली। हालांकि, दिनभर मध्यम गति से ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 28 और न्यूनतम 14.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 27.2 और न्यूनतम 12 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 25.2 और न्यूनतम 11.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 28.4 और न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

