बोकारो। बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कर्नल मार्केट के रांची मोहल्ले में खेल-खेल में गोली चलने से साढ़े तीन वर्षीय बच्चे साहिल कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, साहिल कुमार अपने मामा राजेश कुमार के साथ था। आरोप है कि राजेश ने खेल-खेल में अपने साढ़े तीन वर्षीय भगिना को असली हथियार थमा दिया। इसी दौरान किसी तरह ट्रिगर दब गया और गोली साहिल के सिर में लग गई। गोली लगने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
माराफारी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि बच्चे को असली हथियार दिया गया था। इसी दौरान ट्रिगर दबने से उसके सिर में गोली लग गई। घटना के बाद से बच्चे का मामा राजेश कुमार फरार बताया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या गैर लाइसेंसी। वहीं, घटना को लेकर परिवार के सदस्यों की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में भय और शोक का माहौल है।

