बोकारो में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर – चास मुफस्सिल थाना प्रभारी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी

बोकारो:आगामी शारदीय दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बोकारो जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 शनिवार को चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के नेतृत्व में पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।इस फ्लैग मार्च में काफी संख्या में पुलिस के अधिकारी और जवान दल-बल के साथ मौजूद थे।फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर थाना के विभिन्न क्षेत्रों, मुख्य चौक-चौराहों, बाजारों और दुर्गा पूजा पंडालों वाले इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने आम लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा दिलाया।फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी प्रकाश मंडल ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पंडालों में सीसीटीवी, लाइटिंग, भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर जानकारी ली गई।थाना प्रभारी ने समिति के लोगों से कहा कि पंडाल में किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना है कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। दशहरा के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मेला स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा पर्व मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top