खूंटी। सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग लड़की के कथित यौन शोषण से जुड़े मामले को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, उनके कार्यालय में पुलिस छापेमारी, गिरफ्तारी और कथित प्रताड़ना के विरोध में खूंटी प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों ने शनिवार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने ज्ञापन उपायुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन को सौंपते हुए पत्रकारिता की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज के विभिन्न मुद्दों, जनहित से जुड़े मामलों तथा शासन-प्रशासन की जवाबदेही को जनता के सामने लाने का दायित्व निभाते हैं। ऐसे में किसी पत्रकार के विरुद्ध कार्रवाई करने की स्थिति में निष्पक्षता, पारदर्शिता और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित होना जरूरी है।
पत्रकारों ने कहा कि अभिषेक भारती के खिलाफ हुई कार्रवाई ने पत्रकार समुदाय में चिंता और आक्रोश है एवं पत्रकारिता की स्वतंत्रता तथा पत्रकारों के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने, कार्रवाई की विधिसम्मत समीक्षा करने एवं राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा तथा अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन सौंपने वाले पत्रकारों में प्रेस क्लब के अध्यक्ष रंजीत प्रसाद, अनिल मिश्रा, चंदन कुमार, चंद्रशेखर चौधरी, राहुलदेव मिश्रा, ब्रजेश कुमार, गुंजन कुमार, सोनू अंसारी शामिल थे।

