राहुल गांधी हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बाइक रैली में हुए शामिल, सामाजिक सुरक्षा योजना का किया शुभारंभ

हैदराबाद। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बाइक रैली में शामिल हुए। यह रैली ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना’ के शुभारंभ से पहले निकाली गई। इसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

रैली शिल्पारामम सभागार से शुरू होकर शहर के आईटी कॉरिडोर स्थित माधापुर के जयभेरी ग्राउंड में समाप्त हुई। इस दौरान राहुल गांधी बाइक पर पीछे बैठे नजर आए और गिग वर्कर्स के साथ रैली में शामिल हुए।

योजना के शुभारंभ के अवसर पर गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार उनकी समस्याओं और चिंताओं को दूर करने के अपने वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा, “तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ मेरी एक बैठक हुई थी। उस दौरान आपने अपना दुख और दर्द साझा किया था। मैंने आपसे वादा किया था कि कांग्रेस पार्टी, मुख्यमंत्री और हम सभी आपकी मांगों पर कदम उठाएंगे। आपकी मदद और सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। आज हम उसी वादे को पूरा कर रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि तेलंगाना सरकार ने मार्च 2026 में ‘तेलंगाना प्लेटफॉर्म आधारित गिग वर्कर्स (पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण) विधेयक, 2026’ लागू किया था। यह कानून राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान गिग वर्कर्स की समस्याओं और उनकी सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर उठाई गई मांगों के बाद लाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top