सप्तमी पूजा के साथ खुले मां आदिशक्ति के पट, भक्तों ने किए मां के दर्शन

साहेबगंज । शारदीय नवरात्रि के सप्तमी पूजा के साथ ही जिले के सभी पूजा पंडालों के पट खुलने शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही मां दुर्गा की आकर्षक और भव्य प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में माता के सप्तम स्वरूप माता कालरात्रि की आराधना भक्तों ने पूरे विधि विधान के साथ की। इस दौरान शहर कृष्णा नगर बड़ी दुर्गा मंदिर, चौक बाजार दुर्गा मंदिर, गोराबाड़ी हटिया दुर्गा मंदिर, दहला दुर्गा मंदिर, तलबन्ना दुर्गा मंदिर, पुरानी साहेबगंज ठाकुरबाड़ी मंदिर, झरना कॉलोनी दुर्गा मंदिर, पुलिस लाइन दुर्गा मंदिर, साक्षरता चौक दुर्गा मंदिर, नया टोला दुर्गा मंदिर सहित शहर सहित जिला भर के दुर्गा मंदिरो में पट खुलते ही अहले सुबह से ही पूजा पंडालों और मंडपों में महिलाओं से लेकर युवाओं और युवतियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हाथो में पूजा की थाली लिए भक्तों की भीड़ हर पंडाल और मंडप में देखने को मिली। हर एक भक्त मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन की अभिलाषा लिए याचक बन कर पंडाल और मंडप में दिखा और विधि विधान के साथ माता को लाल चुनरी के साथ प्रसाद का भोग अर्पण किया। फल फूल और पूजन सामग्री से मां की पूजा अर्चना कर उनका आवाहन किया। सप्तमी की तिथि सारा दिन रहने के कारण भक्तो ने सारा दिन माता की उपासना किया। इस मौके पर पूजा पंडालों में बज रहे शारदीय नवरात्रि के कई प्रसिद्ध भजन भक्तो के कानो में मिश्री घोल रहे थे। इस दौरान कई मंडप से माता कालरात्रि की भव्य पालकी भी निकाली गई। जिसमें काफी संख्या में भक्त शामिल हुए। इसके बाद सामूहिक आरती में भक्तों ने हिस्सा लिया। वहीं 18 अक्टूबर रविवार को महाष्टमी में माता महागौरी की पूजा के साथ शृंगार पूजा भी होगी। वहीं महानवमी दिन सोमवार को सिद्धिदात्री माता का पूजा, दुर्गा सप्तशती पाठ का समापन, हवन, पुष्पांजलि व कन्या पूजन किया जाएगा। वही कही मंगलवार तो कही बुधवार को विजयादशमी का पर्व होगा। इसी दिन देवी की विदाई और जयंती धारण किया जाएगा। बता दे कि दुर्गा पूजा को लेकर शहर का माहौल भक्तिमय हो गया है। पूरे शहर में माता की प्रतिमा के साथ ही श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य पंडाल बनाये गये हैं। सोमवार को अधिकतर पंडाल बन कर तैयार हो गये हैं और इनकी सजावट से आसपास के इलाके जगमग कर रहे हैं। पंडालों के आसपास पूजा-पाठ से जुड़ी दुकानें भी सज गयी हैं। लोगों की चहल-पहल भी बढ़ गयी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top