रांची: कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की याद में बुधवार, 21 अक्टूबर को ‘शहीद संस्मरण दिवस’ के अवसर पर नवीन पुलिस केंद्र, रांची में एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शहीद स्मारक पर उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने पुष्प चक्र व पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने परिजनों की समस्याएं और आवश्यकताएं सुनीं तथा उनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। रांची पुलिस की ओर से परिजनों के प्रति गहरी संवेदनशीलता प्रकट करते हुए उन्हें हरसंभव प्रशासनिक व व्यक्तिगत सहयोग का आश्वासन दिया गया।
शहीद संस्मरण दिवस के इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (यातायात), परिचारी प्रवर (प्रथम एवं द्वितीय) सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जवान और वीर शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि शहीद संस्मरण दिवस उन वीर जवानों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यपरायणता की याद दिलाता है, जिन्होंने समाज और देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। रांची पुलिस उनके दिखाए मार्ग पर चलकर जनसेवा और कर्तव्य निर्वहन के लिए सदैव संकल्पित है।

