रांची: पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में महानवमी एवं विजयादशमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। परमहंस डॉ. सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में आयोजित इस दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, कन्या पूजन, पारंपरिक शस्त्र आराधना और वृहद अन्नपूर्णा सेवा का आयोजन किया गया।
महानवमी के अवसर पर मंदिर और श्री राधा रानी का भव्य व अलौकिक श्रृंगार किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न कराकर प्रभु को विशेष भोग अर्पित किया। धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए नौ कुंवारी कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें आदरपूर्वक भोजन कराया गया और उपहार भेंट किए गए।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि विजयादशमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में पारंपरिक शस्त्र पूजन का आयोजन हुआ। इस दौरान काठमांडू (नेपाल) से पहुंचे श्रद्धालु भगवान श्रीराम और श्री हनुमान जी के भजनों पर शस्त्रों के साथ झूमते नजर आए। ट्रस्ट की ओर से बाहर से आए अतिथियों और श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
महानवमी और विजयादशमी दोनों दिनों में ट्रस्ट द्वारा संचालित अन्नपूर्णा सेवा के तहत सब्जियों से युक्त खिचड़ी का महाप्रसाद वितरित किया गया, जिसे 7,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, पवन पोद्दार, सुनीता अग्रवाल और प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने धर्म, भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया।

