पलामू के पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम बने ओडिशा के नए राज्यपाल

रांची/पलामू: पलामू से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बनाने वाले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और तीन बार के पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की। इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद से ही पलामू प्रमंडल सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।
मूल रूप से पलामू प्रमंडल के चंदवा (वर्तमान लातेहार जिला) निवासी ब्रजमोहन राम का सार्वजनिक जीवन बेहद सादगीपूर्ण और संघर्षशील रहा है। उन्होंने 1991 में लातेहार विधानसभा क्षेत्र (अविभाजित बिहार) से जीत दर्ज कर अपने संसदीय सफर की नींव रखी थी। इसके बाद उन्होंने पलामू लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 11वीं, 12वीं और 13वीं लोकसभा के लिए लगातार तीन बार संसद पहुंचकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ऊर्जा, कोयला, रेल, परिवहन और सामाजिक न्याय से जुड़ी कई अहम संसदीय समितियों में सक्रिय भूमिका निभाई।
पलामू क्षेत्र के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि दिग्गज नेता स्वर्गीय भीष्म नारायण सिंह के बाद ब्रजमोहन राम पलामू प्रमंडल से किसी राज्य के राज्यपाल बनने वाले दूसरे राजनेता हैं।
ब्रजमोहन राम के राज्यपाल बनने की खबर मिलते ही मेदिनीनगर और चंदवा में समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। विभिन्न दलों के नेताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके लंबे राजनीतिक व सामाजिक अनुभव का सीधा लाभ ओडिशा राज्य के विकास को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top