10 अगस्त को झारखंड विधानसभा के समक्ष महासंघ का विशाल धरना, 25 सूत्री मांगों को लेकर सौंपेंगे ज्ञापन

रांची। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में आगामी 10 अगस्त 2026 को झारखंड विधानसभा, रांची के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस आंदोलन में राज्य के सभी जिलों से हजारों की संख्या में कर्मचारी भाग लेंगे। धरना प्रदर्शन के उपरांत कर्मचारियों, मानदेय कर्मियों, अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से संबंधित 25 सूत्री मांग पत्र का संलेख माननीय विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा जाएगा।

महासंघ के प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने बताया कि यह आंदोलन कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कराने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है।

प्रमुख 25 सूत्री मांगें:

अनुबंध व मानदेय कर्मी: अनुबंध कर्मचारियों को वरीयता के आधार पर नियमित नियुक्ति, मानदेय ₹42,000 प्रति माह तय करने, तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए ₹32,000 मानदेय निर्धारित करने की मांग।

वेतनमान एवं ग्रेड पे में सुधार: वर्ग 3 के सभी कर्मचारियों का ग्रेड पे ₹2,400, वर्ग 4 के कर्मचारियों का ग्रेड पे ₹2,000 तथा सुपरवाइजर का ग्रेड पे ₹4,600 करने की मांग।

प्रोन्नति के अवसर: मुफस्सिल लिपिक को प्रशासी पदाधिकारी के पद पर तथा चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों को समयबद्ध प्रोन्नति देने की मांग।

वेतन विसंगति व नियमावली: पशुधन सहायकों की नियमावली में संशोधन एवं उनकी वेतन विसंगतियों को तत्काल दूर करने की मांग।

समय पर भुगतान व कार्यदिवस: सभी स्थायी, अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों को प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान, सप्ताह में 5 दिन का कार्यदिवस तथा परिवहन भत्ता लागू करने की मांग।

शिक्षकों व संघ पदाधिकारियों के अधिकार: शिक्षकों को एम.ए.सी.पी. (MACP) का लाभ देने, संघ व महासंघ के पदाधिकारियों के अवांछित स्थानांतरण पर रोक लगाने तथा निदेशक प्रमुख द्वारा लिए गए कर्मचारी-विरोधी निर्णयों को निरस्त करने की मांग।

इस धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए महासंघ के अध्यक्ष भूषण कुमार, सम्मानित अध्यक्ष अरविंद प्रसाद, गोपाल शरण सिंह, महेश सिंह, जीतवाहन उरांव, कोषाध्यक्ष महेश सिंह, सुधीर थापा, विनोद तिग्गा, चन्ददीप ठाकुर, सुनील कुमार, बोनिफास कुजूर, प्रेम गुप्ता, शंभूनाथ सिंह, उज्जवल, गौरव, मीरा कुमारी, प्रेमा बाड़ा, नकी अहमद, सौरभ रिचर्ड, हिमांशु शेखर सिन्हा, देवनाथ राय, मनीष कुमार, लेखराज शर्मा तथा श्यामलाल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी कर्मियों से बड़ी संख्या में रांची पहुंचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top