राँची: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ‘आदिवासी एकता महाजुटान रैली’ के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को आगामी 30 अगस्त 2026 को राँची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाली इस विशाल रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री सोरेन को आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि झारखण्ड में आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस “आदिवासी एकता महाजुटान रैली” का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही, समुदाय के संवैधानिक अधिकारों, उनके ऐतिहासिक अस्तित्व, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक हितों की रक्षा के प्रति जागरूकता लाना भी इस महाजुटान का प्रमुख लक्ष्य है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस रैली के माध्यम से आदिवासी समाज की एकजुटता को एक नया बल मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल में आदिवासी समाज के कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्त्ता और नेता शामिल थे। इस मौके पर मुख्य रूप से श्री शशि पन्ना, श्री अजय तिर्की, श्रीमती रमा खलखो, श्री अनिल पन्ना, सुश्री ज्योत्सना केरकेट्टा, श्री शिवा कच्छप, श्री अनिल उरांव और श्री पुष्कर बड़ाईक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

