देवघर: बाबा बैद्यनाथ की पवित्र नगरी देवघर में एक माह तक चलने वाले विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला, 2026 का विधिवत समापन हो गया। मेले के शांतिपूर्ण और सफल समापन के उपरांत बाबा मंदिर के गर्भगृह से अर्घा हटा दिया गया है, जिसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए स्पर्श पूजा की शुरुआत हो गई।
मेले के अंतिम दिन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने संयुक्त रूप से बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की।
अर्घा हटाए जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे विधि-विधान के साथ षोडशोपचार पद्धति से भगवान भोलेनाथ की पूजा की। उपायुक्त ने मेले के सफल व सुरक्षित संचालन के लिए बाबा बैद्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया और जनमानस के कल्याण की कामना की। विशेष अनुष्ठान के बाद उपायुक्त ने माँ तारा मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया।
इस समापन अनुष्ठान के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, बाबा मंदिर प्रभारी सह एसडीओ रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक मंदिर प्रभारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत जिला प्रशासन और पुलिस महकमे के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

