स्थापना दिवस पर ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ का आयोजन

दुमका। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

डीसी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में डीडीसी अनिकेत सचान ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों, कर्मियों, बच्चों और आमजन भाग लिया। रन फॉर क्लीनलिनेस की शुरुआत डीसी चौक से हुई, जो पोखरा चौक तक आयोजित की गई। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए आम नागरिकों को अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने एवं स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डीडीसी अनिकेत सचान ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हम सभी को अपने दैनिक जीवन में अपनाना होगा। शहर और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलता है। दौड़ के बाद शहर के विभिन्न छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई, ताकि छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ दुमका के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top