झारखंड स्थापना दिवस पर देवघर में स्वच्छता दौड़, उपायुक्त ने छठ घाटों पर किया श्रमदान

देवघर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर रविवार को देवघर में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ (स्वच्छता दौड़) का आयोजन किया गया। सुबह सात बजे स्थानीय इंडोर स्टेडियम परिसर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।

स्वच्छता दौड़ इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर पटेल चौक होते हुए जलसार तालाब पहुंची। इसमें प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सफाई मित्रों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वच्छता से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।

दौड़ के समापन के बाद जलसार तालाब परिसर स्थित छठ घाटों पर विशेष श्रमदान एवं सफाई अभियान चलाया गया। छठ महापर्व को देखते हुए उपायुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने स्वयं झाड़ू और फावड़ा थामकर घाटों तथा तालाब के आसपास सफाई की। इस दौरान कचरा, पॉलिथीन और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया। अधिकारियों को श्रमदान करते देख स्थानीय नागरिकों, युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जिलेवासियों को झारखंड स्थापना दिवस और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने राज्य और शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लेने का भी दिन है। बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यहां के सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों, प्रतिभागियों और नागरिकों को अपने घर, मोहल्ले एवं शहर को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।

मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, महापौर रवि राउत, उपमहापौर टिप चैटर्जी, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top