होली को लेकर राज्य में सुरक्षा के कडे इंतजाम, 10 हजार जवान रहेंगे तैनात

रांची। होली पर्व को लेकर राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 24 जिलों में कानून-व्यवस्था के लिए होली के मौके पर विधि-व्यवस्था ड्यूटी संभालने के लिए इस बार झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप), इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी), गृह रक्षा वाहिनी, एसएसबी और रैफ के 10 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गयी है। होली को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट मोड में है। डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर राज्यभर में अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती की गयी है। पुलिस मुख्यालय की ओर से संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

साथ ही सभी थाना प्रभारियों को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने पीसीआर, टाइगर पुलिस और बीट पुलिस से भी लगातार संपर्क स्थापित करते रहने का निर्देश दिया गया है।

राजधानी में तैनात रहेंगे 04 हजार सुरक्षाकर्मी

राजधानी रांची में होली पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। जिले भर में लगभग 4000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।

रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया की जिले भर में अतिरिक्त 4000 पुलिस बल तैनात किए गए हैं। रांची जिला बल के अलावा, रैफ, एसएसबी और होमगार्ड के जवानों को लगाया गया। सभी थानों में क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात की गई है।

साथ ही संवेदनशील इलाकों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। सभी पुलिस कर्मियों को सुरक्षा में मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है।

होली के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो इसके लिए सभी थानों में क्यूआरटी तैनात रहेगी। सभी जवानों को होली के दौरान चौकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है। रांची के कचहरी स्थित कंट्रोल रूम में आपात स्थिति के लिए अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस को तैनात रखा गया है।

उन्होंने बताया कि होली के दौरान अक्सर लोग शराब पीकर वाहन चलाते हैं। ऐसे वाहन चालकों पर नकेल कसने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर भी नजर रखने को कहा गया है।

साथ ही सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने वालों पर खास नजर रखने को कहा गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर साइबर सेल को नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *