पलामू। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर सदर थाना के पोखराहा में मंगलवार अहले सुबह सड़क दुर्घटना में स्पेशल ऑक्जीलियरी पुलिस (सैप) जवान मनोज पांडेय की मौत हो गई। वह इसी प्रखंड के बड़कागांव के रहने वाले थे।
बताया जाता है कि फौज से रिटायरमेंट के बाद वह सैप जवान के तौर पर झारखंड विधानसभा में अपनी सेवा दे रहे थे।जानकारी के अनुसार गांव में आयोजित होलिका दहन के अवसर पर अखंड कीर्तन में शामिल होकर मेदिनीनगर लौट रहे थे। पांकी- मेदिनीनगर मुख्य पथ पर पोखराहा मेडिकल चौक के समीप हादसा हो गया।
आशंका जताई जा रही है कि वहां बने नए ब्रेकर पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह अपने बुलेट वाहन के साथ गिर पड़े।
सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक अपने पीछे दो बेटी और दो बेटे छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि बीते वर्ष ही उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी की थी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे ओर शोक संवेदना व्यक्त की। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
