चतरा में बस के टायर फटने से स्लीपर बस पलटी, 12 यात्री घायल, पांच की हालत गंभीर

चतरा। बिहार के गयाजी जिले के डुमरिया से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जा रही एक स्लीपर बस झारखंड के चतरा जिले में अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर मोरैंवा टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले एनएच-22 पर हुआ। बस (सीजी 13 क्यू 0805) का अगला टायर अचानक फटने से दुर्घटना हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी। बस में सफर कर रहे यात्री अनुज कुमार ने बताया कि घाटी क्षेत्र में पहुंचते ही बस का अगला टायर ब्लास्ट कर गया, जिसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए। कई यात्रियों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी यात्री की मौत नहीं हुई है। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को चतरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक घायल को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।

घायलों की पहचान जहानाबाद निवासी राकेश कुमार, गयाजी जिले के वजीरगंज निवासी रंधीर कुमार, डुमरिया के संजीत कुमार, चतरा के सुजीत कुमार, बगरा के कमलेश कुमार और जोरी के अमृत कुमार के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए चतरा सदर अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

बताया गया कि उक्त बस डुमरिया से दोपहर 1:30 बजे रायपुर के लिए रवाना होती है और रानीगंज, शेरघाटी, डोभी व चतरा होते हुए अपने निर्धारित मार्ग पर चलती है। हादसे के समय भी बस अपने तय रूट पर ही थी।

चतरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि क्रेन की मदद से पलटी बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मार्ग पर यातायात सामान्य किया जा सके। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है। प्रशासन ने घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *