रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को भव्य मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें भुइयां समाज के केंद्रीय अध्यक्ष, राज्य के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने झारखंड मुक्ति माेर्चा (झामुमो) से नाता तोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने माला पहनाकर दुलाल भुइयां का भाजपा में स्वागत और पार्टी का पट्टा पहनाकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद,हेमंत दास, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा और रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव बावला भी उपस्थित रहे। मंच संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने किया।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में भुइयां समाज के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुइयां, समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष नुनु लाल भुइयां, विप्लव भुइयां सहित अन्य समर्थक शामिल है।
इस अवसर प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने दुलाल भुइयां का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार की नहीं विचार की पार्टी है। इसका संकल्प अंत्योदय है, लक्ष्य दलित ,शोषित,वंचित पिछड़े समाज के चेहरे पर मुस्कान लाना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दलित,आदिवासी पिछड़ा समाज को केवल वोट बैंक बनाया लेकिन भाजपा की सरकार उन्हें सम्मान दे रही। संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर को भारत रत्न भाजपा की सरकार ने दिया। उन्होंने कहा कि वही झारखंड की कांग्रेस समर्थित सरकार दलितों पर अत्याचार कर रही। उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा। मधुपुर में मंदिर का जीर्णोद्घार कर रहे दलित समाज के लोगों पर लाठियां बरसाई गई। केस दर्ज किए गए। वोट बैंक और तुष्टीकरण की पराकाष्ठा की गई।
उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी राज्य के कई जिलों में दलित समाज के साथ दुर्व्यवहार किया गया। आज दलित समाज हेमंत सरकार से ऊब चुका है।
उन्होंने कहा कि आज राज्य में अपराधियों ,भ्रष्टाचारियों दलालों बिचौलियों की समानांतर सरकार चल रही है। इससे सबसे ज्यादा पीड़ित और प्रभावित अंतिम पायदान पर खड़ा समाज है। गरीब कल्याण की योजनाएं धरातल पर नहीं उतर रही।
मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज दुलाल भुइयां के नेतृत्व में शबरी माता के वंशज भुइयां समाज राम के आदर्शों पर चलने वाली रामभक्तों की पार्टी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने आए हैं। शबरी माता का सम्मान भगवान राम ने ही बढ़ाया। उनके जूठे बेर खाकर। शबरी और राम का नाता युगों युगों का नाता है।
मरांडी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ( झामुमो) ने कभी भी राज्य के साथ इंसाफ नहीं किया। न तो आंदोलन में और न सत्ता में। बिहार के जमाने के जंगल राज की याद आज हेमंत सरकार ने दिला दी है। इसलिए राज्य के विकास की लड़ाई अभी अधूरी है। राज्य तो मिला लेकिन जनता को न्याय दिलाना अभी बाकी है। भाजपा ने जैसे राज्य का सपना साकार किया उसी तरह जल , जंगल जमीन को न्याय भी भाजपा सरकार में ही मिलेगा।
उन्होंने नगर निकाय चुनाव में भी लोकतंत्र का गला घोंटने वाली हेमंत सरकार को सबक सिखाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा कि भुइयां समाज भाजपा का ऋणी है। भाजपा ने ही दलित समाज को न्याय और सम्मान दिया है।
उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन को पद्म अलंकरण से सम्मानित कर मोदी सरकार ने दलित आदिवासी पिछड़ा समाज के प्रति अपने संकल्प को पूरा किया है।
उन्होंने भरे हॉल में शपथ लेते हुए कहा कि अब वे जीवन पर्यंत भाजपा छोड़कर कहीं नहीं जायेंगे। यह भुइयां समाज का निर्णय है।
