खूंटी जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र से निकलकर झारखंड के होनहार खिलाड़ी झोंगो पाहन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। दुबई में आयोजित एशियन यूथ पैरा गेम्स में झोंगो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स टीम स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। वहीं, व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतकर झोंगो ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
झोंगो पाहन खूंटी जिले के बड़ा सिल्दा गांव के निवासी हैं। उनके पिता का नाम गुसु पाहन है। वे नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और मॉडल स्कूल के कक्षा 11वीं के छात्र हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर झारखंड सरकार के खेल मंत्री श्री शुदिव्य कुमार सोनू, डुमरी विधायक श्री जयराम महतो, पैरालिंपिक कमिटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष जटाशंकर चौधरी, सचिव कुमार गौरव, प्रधान संरक्षक विजय कुमार दत्ता तथा डालसा के स्वयंसेवी शिबू कुमार रजक सहित कई गणमान्य लोगों ने झोंगो पाहन को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
झोंगो पाहन की यह सफलता न केवल खूंटी और झारखंड, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।
