कट्टरपंथ को बढ़ावा देने के मामले में एनआईए का देशव्यापी तलाशी अभियान

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को देश में इस्लामी राज्य स्थापित करने के उद्देश्य से ऑनलाइन आतंकी कट्टरपंथी विचारों को बढ़ावा देने के एक मामले में देशव्यापी तलाशी अभियान चलाया।

जांच एजेंसी के अनुसार एनआईए की टीमों ने समन्वित कार्रवाई में कुल 20 स्थानों पर तलाशी की। यह तलाशी आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली में की गई। एनआईए ने इस वर्ष मई में विजयवाड़ा पुलिस से मामले की जांच अपने हाथों में ली थी।
एजेंसी का कहना है कि आज की तलाशी में कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। कट्टरपंथी विचारों को बढ़ावा देने की साजिश के बारे में और सुराग पाने के लिए इनकी फोरेंसिक जांच की जाएगी। इस मामले में अब तक 11 आरोपितों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है।

विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) पुलिस ने मूल रूप से मार्च में मुख्य आरोपी रहमतुल्लाह शरीफ मोहम्मद के आवास पर तलाशी के बाद मामला दर्ज किया था। इस तलाशी में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों अकीस (अल-कायदा इन द इंडियन सब कॉन्टिनेंट) और आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट) से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी।

एनआईए ने पाया है कि गिरफ्तार आरोपित और उनके सहयोगी देशभर के संवेदनशील युवाओं को हिंसक जिहादी सामग्री और भ्रामक सूचनाओं के माध्यम से जिहादी विचारधारा से प्रभावित कर रहे थे। आरोपित अपने विदेशी आकाओं के साथ ऑनलाइन संपर्क में भी थे। उनका उद्देश्य जिहादी विचारधारा का प्रचार करना और भारत विरोधी साजिश को बढ़ावा देना था। इस साजिश का मकसद देश को अस्थिर करना और ‘खिलाफत’ स्थापित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top