देवघर। देवघर पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और वाहन चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
दरअसल, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर तीन जुलाई को चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग एवं अड्डेबाजी विरोधी अभियान के दौरान पालाजोरी थाना पुलिस ने अनारकली हाई स्कूल के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चोरी की एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ संजय चार (32) को गिरफ्तार किया गया।
संजय चार से पूछताछ और उसकी स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने धीरेन मंडल (21) तथा केदार मंडल (38), पिता सिद्धु मंडल को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों आरोपितों ने वाहन चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चोरी की कुल नौ मोटरसाइकिलें बरामद कीं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचकर लाभ अर्जित करते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के नेटवर्क तथा जिले में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से आरोपितों के संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चोरी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

