झारखंड में नौ जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में नौ जुलाई तक बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में एक जून से पांच जुलाई तक सामान्य 236.1 मिलीमीटर वर्षा के मुकाबले 129 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत कम है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 50.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसी अवधि में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 35.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान रांची के नामकुम में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रविवार सुबह रांची और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली।

रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.5 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.1 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.4 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top