रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए विभिन्न पारंपरिक एवं व्यवसायिक स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया चांसलर पोर्टल के माध्यम से जारी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 जुलाई 2026 की संध्या 5 बजे निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन विद्यार्थियों को विशेष अवसर प्रदान किया है, जिन्होंने पूर्व में चांसलर पोर्टल पर आवेदन कर दिया है और बाद में कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) में शामिल हुए हैं। ऐसे अभ्यर्थी अब चांसलर पोर्टल के माध्यम से अपना CUET स्कोर अपडेट कर सकते हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।
कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि CUET में शामिल विद्यार्थियों को उनके स्कोर को अद्यतन करने का विकल्प दिया गया है, ताकि नामांकन प्रक्रिया में उन्हें इसका लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कोर अपडेट करने की अंतिम तिथि भी 1 जुलाई 2026 की संध्या 5 बजे तक ही निर्धारित है। इसके बाद किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को मेधा सूची का प्रकाशन किया जाएगा। पूरी नामांकन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी, जबकि नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 3 अगस्त 2026 से प्रारंभ होंगी। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ. राजेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से अपील की है कि जिन अभ्यर्थियों ने CUET परीक्षा दी है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना स्कोर चांसलर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट कर दें, ताकि नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

