मोहर्रम जुलूस के मद्देनजर रांची के सभी स्कूल 27 जून को रहेंगे बंद

रांची। मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून (शनिवार) को रांची जिले के अधिकांश क्षेत्रों में ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूसों के दौरान विभिन्न प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने और स्कूली बच्चों की आवाजाही में संभावित असुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों में एक दिन के अवकाश की घोषणा की है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय 27 जून, 2026 को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

हालांकि, जिन विद्यालयों में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं आयोजित होनी हैं, उन्हें आवश्यक स्थिति में परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी गई है। इसके लिए संबंधित विद्यालयों को परीक्षा आयोजित करने से पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), रांची को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा।

जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही लोगों से मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया है।

प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात संचालन को सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top