रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मीडिया और सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने एसआईआर से जुड़ी सभी जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने और भ्रामक सूचनाओं का तथ्यों के साथ समय पर खंडन करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पूर्ण अनुपालन करते हुए प्रेस विज्ञप्ति और सोशल मीडिया संचार किया जाए। उन्होंने नियमित प्रेस ब्रीफिंग आयोजित करने तथा एसआईआर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को आम जनता तक पहुंचाने पर बल दिया।
उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय टीवी चैनलों की दैनिक निगरानी करने, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रही फेक एवं मिस्लीडिंग खबरों की पहचान करने तथा उनका तथ्यात्मक खंडन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर नियंत्रण और सही जानकारी का प्रसार निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए आवश्यक है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया के डिजिटल क्रिएटर्स एवं इंफ्लूएंसर्स के लिए 27 जून को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा विशेष “इंफ्लूएंसर मीट” आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एसआईआर से संबंधित प्रामाणिक और तथ्यात्मक जानकारी का प्रसार सुनिश्चित करना है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह स्टेट मीडिया नोडल सुबोध कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एसआईआर संबंधी एसओपी पर विस्तृत जानकारी दी। बैठक में स्टेट ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार समेत सभी जिलों के संबंधित अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

