रांची, 19 जून: रांची को प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान के तहत रांची नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 480 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया है। इस मामले में संबंधित प्रतिष्ठान पर 52,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग के खिलाफ लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने 18 जून की सुबह अपर बाजार स्थित शनि मंदिर, कार्ट सराय रोड में मेसर्स डिस्पो वर्ल्ड के परिसर में छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से 17 कार्टन में लगभग 480 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री बरामद हुई। टीम ने तत्काल पूरी सामग्री जब्त कर ली तथा नमूनों को जांच के लिए झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद को भेजा।
जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि प्रतिष्ठान द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 (संशोधित 2026) का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण और विक्रय किया जा रहा था। इसे गंभीर पर्यावरणीय एवं कानूनी उल्लंघन मानते हुए नगर निगम ने 52 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निगम क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक का निर्माण, भंडारण, खरीद-बिक्री और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी जब्ती, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
निगम ने नागरिकों, व्यापारियों और संस्थानों से कपड़े, जूट एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग या बिक्री की सूचना तत्काल नगर निगम को देने का आग्रह किया है।

