रांची एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने गयाजी पुलिस के इनपुट पर दो आरोपितों को हिरासत में लिया

रांची। रांची में स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने गयाजी पुलिस से प्राप्त विशेष सूचना के आधार पर दो युवकों को हिरासत में ले लिया। दोनों युवक रांची से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान से यात्रा करने वाले थे, लेकिन विमान में सवार होने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें पकड़ लिया।

हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान मोहम्मद अरशद रेहान और मोहम्मद शाहबाज आलम के रूप में हुई है। दोनों के संबंध में गयाजी पुलिस ने पहले ही सुरक्षा एजेंसियों को सूचना उपलब्ध कराई थी, जिसके बाद सीआईएसएफ उनके एयरपोर्ट पहुंचने का इंतजार कर रही थी।

दोनों युवक निर्धारित प्रक्रिया के तहत एयरपोर्ट पहुंचे और यात्रा संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर रहे थे। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक दोनों युवक रांची से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान से रवाना होने वाले थे। गयाजी पुलिस की ओर से मिले इनपुट के आधार पर सीआईएसएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एयरपोर्ट थाना के हवाले कर दिया गया।

एयरपोर्ट थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ बिहार के गयाजी थाना क्षेत्र में मामला दर्ज है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गयाजी पुलिस रांची पहुंची और दोनों आरोपितों को अपने साथ लेकर बिहार रवाना हो गई।

फिलहाल मामले से जुड़े आरोपों और दोनों युवकों की कथित संलिप्तता के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top