रांची के मोहराबादी मैदान में 16 से 18 जून तक लगेगा झारखंड कृषि व्यापार मेला

रांची। झारखंड सरकार की ओर से आगामी 16 से 18 जून तक रांची के मोराबादी मैदान में तीन दिवसीय झारखंड कृषि व्यापार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य किसानों, कृषि उद्यमियों, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और सरकारी विभागों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों के प्रसार और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा दिया जा सके।

मेले का उद्घाटन 16 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कृषि मंत्री शल्पी नेहा तिर्की और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। साथ ही प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता एवं लाभ वितरित किए जाएंगे।

मेले के दूसरे दिन 17 जून को विभागीय तकनीकी सत्र, किसान संवाद कार्यक्रम तथा प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को कृषि से जुड़ी नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और आधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।

मेले के अंतिम दिन 18 जून को किसान संवाद, कृषि स्टार्टअप्स की प्रस्तुतियां और समापन समारोह आयोजित होगा। इस दौरान नवाचार आधारित कृषि मॉडल, उद्यमिता के अवसर और तकनीकी समाधान किसानों एवं युवाओं के सामने प्रस्तुत किए जाएंगे।

कृषि व्यापार मेले में कृषि, पशुपालन, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, बागवानी और सहकारिता विभागों के अलावा देशभर की कृषि प्रौद्योगिकी कंपनियां, कृषि यंत्र निर्माता और विभिन्न स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे। इससे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत तकनीकों और कृषि व्यवसाय से जुड़ी संभावनाओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

आयोजन स्थल पर प्रदर्शनी हॉल, सांस्कृतिक हॉल, तकनीकी सत्र क्षेत्र, फूड कोर्ट, सेल्फी प्वाइंट तथा कृषि यंत्रों के लाइव प्रदर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है।

कृषि विभाग का मानना है कि यह मेला किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने, कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने और राज्य में टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विभाग ने किसानों, कृषि उद्यमियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों से बड़ी संख्या में मेले में भाग लेने की अपील की है, ताकि वे आधुनिक कृषि के नए अवसरों और तकनीकी नवाचारों का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top