सिमडेगा: उपायुक्त Kanchan Singh ने समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की, उनकी शिकायतों की जानकारी प्राप्त की और संबंधित विभागों को मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
जनता दरबार में पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी, भूमि ऑनलाइन कराने, जर्जर विद्युत तारों के प्रतिस्थापन, भूमि रजिस्ट्री, रैयती भूमि वापस दिलाने, सर्पदंश पीड़ितों को मुआवजा, सड़क निर्माण, भूमि विवादों के निपटारे, दिव्यांग प्रमाण पत्र, मैया सम्मान योजना के लाभ की बहाली तथा तोरण द्वार निर्माण सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा दिव्यांगजन को इलेक्ट्रॉनिक मोटर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने, बिजली सुविधा बहाल करने, अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े आवेदन भी उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
जनता दरबार में अपर समाहर्ता Gyanendra, नजारत उप समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी Naresh Rajak तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

