नई दिल्ली: सोशल मीडिया से शुरू हुआ युवा आंदोलन Cockroach Janta Party अब सड़कों तक पहुंच गया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचने के बाद अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की। प्रदर्शन में शामिल युवाओं से राष्ट्रीय ध्वज और पुस्तक लेकर आने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने को कहा गया।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन को लेकर अनुमति और सुरक्षा प्रबंधों पर दिनभर चर्चा होती रही।
इस आंदोलन को सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन मिल रहा है। हाल के दिनों में CJP ने परीक्षा प्रणाली, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा छेड़ी है।

