पटना: खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग मामले में संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस बीच पुलिस की कई टीमें लगातार कोचिंग संस्थान पहुंचकर जांच-पड़ताल करती रहीं, जबकि खान सर के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र पूरी रात कोचिंग परिसर के बाहर डटे रहे।जानकारी के अनुसार, पुलिस की कई गाड़ियां रातभर अलग-अलग समय पर कोचिंग कैंपस पहुंचीं। प्रशासन ने छात्रों को वहां से हटाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र नहीं माने। इसके कारण इलाके में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।वायरल वीडियो से जांच को मिली नई दिशामामले में नया मोड़ उस समय आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें खान सर के एक सुरक्षाकर्मी को कथित रूप से गोली चलाते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोचिंग संस्थान पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर उनके हथियार जब्त कर लिए और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए।बताया जा रहा है कि इसी आधार पर खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले इस प्रकरण में प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद की गिरफ्तारी हो चुकी है।कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा से बढ़ा विवादपुलिस जांच के अनुसार विवाद की शुरुआत बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद हुई। दोनों संस्थानों ने अपने-अपने यहां सर्वाधिक चयन होने का दावा किया था। इसी दौरान प्रचार-प्रसार और बैनर लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया, जो बाद में बड़े विवाद में बदल गया।पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग के आरोप2 और 3 जून की रात दोनों पक्षों के बीच कथित रूप से पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटनाएं हुईं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई और जांच तेज कर दी गई है।फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। खान सर की गिरफ्तारी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन इस घटना ने पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और उससे जुड़े विवादों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

