नशे में विवाद, छोटे ने की बड़े भाई की हत्या:जमशेदपुर के सोनारी में लोहे की रॉड से पीटकर ली जान, आरोपी गिरफ्तार




जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड भी बरामद कर ली है। यह घटना झाबरी बस्ती में रविवार रात हुई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है, जो अपने भाइयों के साथ रहता था। जानकारी के अनुसार, रविवार रात सनातन और उसका छोटा भाई दुखू हेंब्रम दोनों नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए आरोप है कि दुखू हेंब्रम ने अपने बड़े भाई सनातन के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद, आरोपी दुखू घायल सनातन को घर ले आया और उसे कमरे में सुला दिया। उसने परिवार के अन्य सदस्यों को मारपीट की जानकारी नहीं दी। घरवालों को लगा कि सनातन नशे की वजह से सो रहा है। सोमवार पूरे दिन वह कमरे में पड़ा रहा और किसी ने उसकी हालत पर ध्यान नहीं दिया। सोमवार रात जब दुखू काम से लौटकर कमरे में गया, तो उसने सनातन को मृत पाया। इसके बाद उसने परिवार को घटना की जानकारी दी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top