![]()
कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाजार स्थित एक रेडियम की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना कोडरमा-कोवार मेन रोड पर स्थित जयनगर बाजार की है। जहां ‘रेडियम पॉइंड’ नामक दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दुकान संचालक मुजफ्फर हुसैन उर्फ अतीक खान ने बताया कि सोमवार रात वे रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। लेकिन मंगलवार सुबह जब वे दुकान के पास पहुंचे तो कुछ अजीब हलचल नजर आई। उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर से चूहे तेजी से बाहर निकल रहे हैं और देखते ही देखते दुकान के भीतर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों की मदद से बुझी आग आग की भयावह स्थिति को देख मुजफ्फर हुसैन ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए दुकान का शटर खोलने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद जब शटर खुला तो आग तेजी से फैल चुकी थी। आसपास के लोगों को बुलाकर किसी तरह आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका। दुकान में रखा रेडियम स्प्रे मशीन, लैपटॉप, प्रिंटर, एसी, फर्नीचर समेत अन्य सभी कीमती उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे। इस आगजनी में दुकान मालिक को करीब ढाई लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। आग के कारणों का नहीं चल सका है पता घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, लेकिन आग लगने के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना से आहत दुकान मालिक ने जयनगर के अंचलाधिकारी को आवेदन देकर आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि यह उनकी आजीविका का मुख्य साधन था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया है।
