रांची : ट्रांसपोर्ट श्रमिकों की हड़ताल के पहले दिन मंगलवार को राजधानी रांची के जलान रोड क्षेत्र में झारखंड जनशक्ति मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष Lalit Narayan Ojha ने श्रमिक साथियों के साथ सामूहिक दाल-भात-चोखा भोज में हिस्सा लिया। हड़ताल के कारण लोडिंग, अनलोडिंग, ढुलाई, बुकिंग और डिलीवरी समेत सभी प्रकार के कार्य पूरी तरह बंद रहे।
इस दौरान श्रमिकों के समर्थन में संजय कुमार जायसवाल और सोनू सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललित नारायण ओझा ने कहा कि श्रमिक देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं तथा उनके सम्मान, हक और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि यदि दिनभर कड़ी मेहनत करने वाला मजदूर भूखे पेट सोने को मजबूर होगा, तो प्रदेश की सप्लाई चेन व्यवस्था भी प्रभावित होगी। उन्होंने श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, चिकित्सा और उनके बच्चों की शिक्षा को लेकर सरकार से ठोस पहल करने की मांग की।
ओझा ने कहा कि राजधानी में आज भी कई ट्रांसपोर्ट मजदूर खुले बरामदों में रात गुजारने को मजबूर हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मजदूरों की स्थिति में सुधार के लिए कौन सी नीतियां प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।
कार्यक्रम में गौरी शंकर, मनोज पासवान, दिनेश राय, रामप्रीत राय, रुदल राय, संजय राय, वीरो राय, बलिंदर राय, जग्गू राय, परमानंद राय, शंभू राय, अखिलेश चौधरी, गोरख राय, सुरेंद्र पासवान, सनोज राय, भूलू राय, दिगंबर राय, राकेश पासवान, बाली राय, राममाया चंद्रवंशी, खेमन, सुशील, शावन, सुरेश राय, कालेश्वर राय सहित सैकड़ों श्रमिक मौजूद रहे।
