डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय वर्ष 2026 में अकादमिक सत्र के नियमितीकरण के लक्ष्य की ओर अग्रसर – कुलपति डॉ राजीव मनोहर

रांची : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर एवं स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन वर्ष 2026 में अकादमिक सत्र को नियमित करने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। यह बातें कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने परीक्षा निरीक्षण के दौरान कही।

विश्वविद्यालय में 28 और 29 अप्रैल से यूजी एवं पीजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रारंभ हुई थीं। लगभग 15 दिनों तक चली स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं, जबकि स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 मई तक समाप्त हो जाएंगी। इसी क्रम में कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने अपराह्न 2 बजे विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर परीक्षा संचालन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने लगभग 17 परीक्षा कक्षों का दौरा कर परीक्षा व्यवस्था, अनुशासन, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। आज आयोजित सोशल अवेयरनेस विषय की परीक्षा में लगभग 1500 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कुलपति ने कहा कि प्रथम चरण की परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुई हैं और विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाल ही में सम्पन्न पीजी परीक्षाओं के परिणामों का प्रकाशन भी प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि समय पर परीक्षा और त्वरित परीक्षा परिणाम से अधिकांश अकादमिक समस्याओं का समाधान संभव होगा।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता अब स्नातक तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर की परीक्षाओं का शीघ्र आयोजन करना है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा से पूर्व पूरा पाठ्यक्रम संपन्न हो तथा परिणाम समय पर प्रकाशित किए जाएं।

कुलपति ने कहा कि आगामी नए सत्र में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले विश्वविद्यालय हरसंभव प्रयास कर सत्र को नियमित करने की दिशा में कार्य करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 मई 2026 तक चलने वाली परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top