रांची।होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम), रांची और रामाडा बाय विंडहैम, रांची (नाइल हॉस्पिटैलिटी) के बीच आतिथ्य और पर्यटन शिक्षा को उद्योग की आवश्यकताओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरूवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौते के तहत उद्योग विशेषज्ञ के लिए गेस्ट लेक्चर, मास्टर क्लास, वेबिनार एवं संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे छात्रों को वैश्विक मानकों, नई तकनीकों और आतिथ्य उद्योग के उभरते रुझानों की जानकारी मिलेगी। एमओयू के दौरान आईएचएम रांची की ओर से संस्थान के प्राचार्य डॉ भूपेश कुमार और रामाडा बाय विंडहैम, रांची की ओर से मुख्य प्रबंधक योगेश कुमार ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए।
यह संस्थान पर्यटन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से संचालित है और राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी परिषद, नोएडा से संबद्ध है। इस एमओयू को झारखंड के हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ भूपेश कुमार ने कहा कि इस समझौते से छात्रों को आधुनिक होटल उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने बताया कि छात्रों को इंडस्ट्रियल एक्सपोजर ट्रेनिंग, इंटर्नशिप, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, लाइव प्रोजेक्ट, उद्योग भ्रमण और कैंपस प्लेसमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस सहयोग से छात्रों की व्यावसायिक दक्षता, संचार कौशल एवं रोजगार क्षमता में वृद्धि की उम्मीद जताई गई। कार्यक्रम में संस्थान और होटल प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद थे।

