रांची : मुख्यमंत्री श्री Hemant Soren ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची के सात वर्षीय बाल तैराक Ishank Singh से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए 5 लाख रुपये का चेक, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह को बधाई देते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में पाल्क स्ट्रेट पार कर उन्होंने पूरे झारखंड और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इशांक की यह उपलब्धि राज्य के लिए गौरव का क्षण है और यह अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
उल्लेखनीय है कि रांची के बाल तैराक इशांक सिंह ने 30 अप्रैल 2026 को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरते हुए भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण Palk Strait के 29 किलोमीटर लंबे समुद्री मार्ग को पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। झारखंड में बेहतर खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इशांक सिंह भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य में तैराकी प्रशिक्षण एवं आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य योजना तैयार की जाए, ताकि राज्य के अन्य प्रतिभाशाली बच्चों को भी बेहतर मंच मिल सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह के माता-पिता और कोच को भी सम्मानित किया।
मौके पर राज्य के खेल मंत्री Sudivya Kumar, मुख्य सचिव Avinash Kumar, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, निदेशक खेल आसिफ इकराम सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
