खूंटी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला आयुष समिति, खूंटी के तत्वावधान में एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, खूंटी में जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त मो जावेद हुसैन, पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, वन प्रमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार यादव, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती दीपेश कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा प्रमोद राम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, कर्मियों, पुलिस जवानों, स्कूली बच्चों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला आयुष पदाधिकारी डॉ चंद्र शेखर प्रसाद द्वारा अतिथियों पौधा देकर स्वागत किया गया। इसके बाद योग गुरु उपेंद्र नारायण सिंह के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग सत्र के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, शवासन सहित विभिन्न योगासनों एवं अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

साथ ही नियमित योगाभ्यास के लाभों एवं स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है।

नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, जोड़ों के दर्द, हृदय रोग सहित अनेक जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव में सहायता मिलती है।

योग शरीर को स्वस्थ, मन को एकाग्र एवं जीवन को सकारात्मक बनाता है। उन्होंने कहा कि योग सभी आयु वर्ग के लोगों में ऊर्जा, उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार करता है।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। ㅤ

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त की ओर से राज्य सरकार के नशा मुक्त झारखंड अभियान के तहत निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन, तस्करी एवं इनके दुष्प्रभावों के प्रति जनसामान्य को जागरूक किया गया।

साथ ही उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण एवं नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। ㅤ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top