रांची। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में शनिवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन विश्वविद्यालय के योगिक साइंस विभाग की ओर से किया गया। प्रातः 7 बजे आयोजित कार्यक्रम में कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय परिवार के साथ योगाभ्यास कर योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि वर्ष 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक पूर्ण विज्ञान है, जिसका उद्देश्य शरीर, मन और आत्मा का सामंजस्यपूर्ण विकास करना है।
उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मियों और विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि विश्वविद्यालय में योगिक साइंस विभाग के विस्तार की योजना बनाई जा रही है, ताकि आने वाले वर्षों में योग दिवस को और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद योगिक साइंस विभाग की शिक्षिका मिनी सहाय ने उपस्थित शिक्षकों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। वहीं विभाग की समन्वयक डॉ अपर्णा सिन्हा ने योग की वर्तमान समय में बढ़ती प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में डॉ ईश्वरी प्रसाद गुप्ता, डॉ अनुपम कुमार, डॉ जीसी बास्के सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। कार्यक्रम की जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।

