खूंटी : जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर फरार हो गया। बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि बंदगांव से मुरहू की ओर एक छोटे चारपहिया वाहन में अवैध डोडा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर मुरहू थाना पुलिस ने चमराटोली मैदान के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान एक वैगनआर कार पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगी। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया, लेकिन चालक बाजीगामा रोड के समीप कार छोड़कर पारसा जंगल की ओर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें 7 प्लास्टिक बोरों में भरा करीब 131.8 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। इस मामले में मुरहू थाना में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है।
