आसनसोल, 06 मई 2026: भारतीय रेल के 173वें स्थापना वर्ष के अवसर पर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों के तहत आसनसोल मंडल द्वारा विभिन्न रेलवे स्टेशनों और कॉलोनी क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत कुमारडुबी, अंडाल की 13 नंबर एवं 9 नंबर कॉलोनी, जामा तथा वारिया रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा। इस दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों, स्थानीय निवासियों एवं कॉलोनीवासियों से संवाद कर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, पहुंच मार्ग और रेलवे कॉलोनियों में विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। लोगों को रेलवे ट्रैक, प्लेटफॉर्म और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा नहीं फेंकने तथा कचरे के उचित निपटान के लिए डस्टबिन के उपयोग की सलाह दी गई।
इसके साथ ही ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा करने और कोचों में लगे बायो-टॉयलेट का सही उपयोग करने पर भी विशेष जोर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और आमजन से स्वच्छ, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
