रांची में 8–10 मई तक भव्य बांग्ला सांस्कृतिक मेला 2026, रवींद्रनाथ टैगोर जयंती पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव

राजधानी रांची में 8, 9 और 10 मई को बंगाली युवा मंच चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा “बांग्ला सांस्कृतिक मेला 2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह मेला बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान (जेल पार्क, न्यूक्लियस मॉल के सामने) में आयोजित होगा। कार्यक्रम रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें तीन दिनों तक विविध सांस्कृतिक गतिविधियों की धूम रहेगी।

8 मई को सुबह 10 बजे ध्वजारोहण के साथ मेले का शुभारंभ होगा, जिसके बाद शंख ध्वनि और उलु ध्वनि प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम 7 बजे राज्यपाल संतोष गंगवार और मंत्री योगेंद्र प्रसाद दीप प्रज्वलित कर औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद कोलकाता की प्रसिद्ध कलाकार अंकिता बनर्जी और शोभन सुंदर बोस द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

9 मई को सुबह 10 बजे गुरुदेव टैगोर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद उनकी जीवनी पर साहित्यिक संवाद आयोजित होगा। शाम 6 बजे विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो की उपस्थिति में सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जिसमें बंगाली गीत, रवींद्र नृत्य और कोलकाता के कलाकार निलंजना घोष दस्तीदार व दीप चटर्जी द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी।

मेले के अंतिम दिन 10 मई को सुबह ऑन-द-स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम को कोलकाता के कलाकारों द्वारा सैक्सोफोन और सितार की जुगलबंदी तथा काया बैंड का विशेष प्रदर्शन होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दे चुके हैं।

मेले में करीब 50 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें बंगाली व्यंजन, पारंपरिक परिधान और ज्वैलरी आकर्षण का केंद्र होंगे। खास बात यह है कि यह मेला सभी के लिए पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा और किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top